शनिवार, 19 अप्रैल 2025

शीर्षक:मसीह जीवित है: हमारे विश्वास का विजय!”

(1 कुरिन्थियों 15:20 – “पर अब मसीह मरे हुओं में से जी उठाया गया है।”)



पृष्ठभूमि (Biblical Background):

यीशु मसीह की मृत्यु और पुनरुत्थान मसीही विश्वास की नींव हैं।

यीशु की मृत्यु (Good Friday) पर हमारे पापों का दंड उसने अपने ऊपर लिया (यशायाह 53:5)

तीसरे दिन पुनरुत्थान (Easter Sunday) इस बात का प्रमाण है कि वह परमेश्वर का पुत्र है (रोमियों 1:4), और उसने मृत्यु को हरा दिया।

प्रेरितों के प्रचार का मूल विषय भी यही था।

प्रेरितों के काम अध्याय 2 में पतरस का पहला प्रचार पुनरुत्थान पर ही आधारित है – “इस यीशु को परमेश्वर ने जिलाया, जिसके हम सब गवाह हैं” (प्रेरितों के काम 2:32)

मुख्य वचन:

1 कुरिन्थियों 15:14–20

और यदि मसीह जी नहीं उठा, तो हमारा प्रचार करना व्यर्थ है, और तुम्हारा विश्वास भी व्यर्थ है।”

मुख्य बिंदु और व्याख्या


बिंदु 1: पुनरुत्थान हमारे पापों की क्षमा की मुहर है


पुनरुत्थान क्यों इतना जरूरी है?

बहुत से लोग सोचते हैं कि यीशु मसीह का क्रूस पर मरना ही पर्याप्त था। लेकिन बाइबल यह सिखाती है कि केवल मृत्यु नहीं, बल्कि उसका जी उठना भी उतना ही आवश्यक था।

क्यों?
क्योंकि जब कोई बलिदान दिया जाता है, तब तक वह पूरा नहीं माना जाता जब तक परमेश्वर स्वयं यह प्रमाणित न कर दे कि वह बलिदान स्वीकार किया गया है।

जब यीशु मसीह ने क्रूस पर हमारे पापों के लिए अपनी जान दी, तब उसने हमारे पापों का दंड अपने ऊपर ले लिया। लेकिन अगर वह सिर्फ मरा और फिर कभी जी नहीं उठा, तो हमें कैसे पता चलेगा कि परमेश्वर ने उसका बलिदान स्वीकार किया या नहीं?

पुनरुत्थान इसका प्रमाण है कि परमेश्वर ने उस बलिदान को पूरी तरह स्वीकार किया।


📖 बाइबल क्या कहती है?

रोमियों 4:25

वह हमारे अपराधों के कारण पकड़वाया गया, और हमारे धर्मी ठहराए जाने के लिये जिलाया गया।”

इसका अर्थ साफ है:

  • उसकी मृत्यु हमारे पापों का दंड चुकाने के लिए थी।
  • उसका पुनरुत्थान हमारे धर्मी ठहराए जाने का प्रमाण है।

यानी:

मृत्यु = बलिदान दिया गया
पुनरुत्थान = बलिदान स्वीकार हुआ


एक आसान उदाहरण से समझिए:

मान लीजिए आपने किसी दुकान का उधार चुकाने के लिए पैसे दिए, लेकिन तब तक संतोष नहीं होता जब तक दुकानदार “भुगतान प्राप्त हुआ” उसकी रसीद नही देता। 

ठीक वैसे ही, यीशु की मृत्यु से पापों का भुगतान हुआ, और उसका पुनरुत्थान वह “रसीद” है जो दिखाता है –भुगतान पूरा हुआ और परमेश्वर ने उस बलिदान को स्वीकार कर लिया!”

OR

बैंक चेक का उदाहरण:

मान लीजिए आपके नाम से एक चेक किसी ने दिया – ₹1 लाख रुपए का। जब तक वह चेक बैंक में क्लियर नहीं होता, वह पैसा आपके खाते में नहीं आता। पुनरुत्थान वह क्लियरेंस है, जिससे हमें पता चलता है कि –

हां, यह चेक वैध है, यह भुगतान पूरा हुआ।”

 

इसी तरह: क्रूस पर दिया गया बलिदान = चेक है।

तीसरे दिन पुनरुत्थान = परमेश्वर की मुहर, कि चेक पास हो गया।


अगर मसीह न जी उठा होता तो?

1 कुरिन्थियों 15:17

यदि मसीह जी नहीं उठा, तो तुम्हारा विश्वास व्यर्थ है, और तुम अब भी अपने पापों में हो।”

यानि अगर यीशु मसीह न जी उठता:

  • तो पाप का समाधान अधूरा रहता।
  • हमारे पास कोई गारंटी नही होती कि परमेश्वर ने बलिदान स्वीकार किया।
  • और हम आज भी दोष, डर और मृत्यु के नीचे दबे रहते।

प्रैक्टिकल जीवन में क्या फर्क पड़ता है?

यदि आपने यीशु मसीह पर विश्वास किया है, तो:

  • आपको बार-बार पापों की क्षमा की चिंता नहीं करनी चाहिए।
  • आपको अपने अतीत के बोझ में नहीं जीना चाहिए।
  • आपको दोष, शर्म और डर से बाहर निकलकर आत्मविश्वास और परमेश्वर का धन्यवादी होकर जीना चाहिए।

याद रखने के लिए:

क्रूस ने कीमत चुकाई, पुनरुत्थान ने रसीद दी।”

मसीह का पुनरुत्थान = हमारी क्षमा पर परमेश्वर की मुहर”

जीवित मसीह का विश्वास = पापमुक्त जीवन का प्रमाण”


 खुद को पूछे:

1.      क्या मैं अभी भी अपने पुराने पापों का दोष अपने ऊपर लेकर चल रहा हूँ?

2.      क्या मैंने मसीह के पुनरुत्थान पर भरोसा किया है कि मैं परमेश्वर के सामने अब दोषी नहीं बल्कि धर्मी ठहराया गया हूँ?

3.      क्या मैं पुनरुत्थान की सच्चाई को अपने दैनिक जीवन में उत्साह और साहस से जी रहा हूँ?


यीशु का पुनरुत्थान केवल एक चमत्कार नहीं, यह परमेश्वर का घोषणापत्र है —कि पाप का मूल्य चुका दिया गया, बलिदान स्वीकार हो गया, और अब जो कोई यीशु पर विश्वास करे, उसके पाप क्षमा हो चुके हैं। अब डर नहीं, लेकिन धन्यवाद और जयजयकार में जीना है, क्योंकि… मसीह जीवित है और हमारे विश्वास की विजय हो गयी है!”


 

बिंदु 2: पुनरुत्थान हमें नया जीवन देती है


पृष्ठभूमि (Background):

प्रारंभिक मसीही विश्वासियों के लिए “पुनरुत्थान” सिर्फ एक चमत्कारी घटना नहीं थी — यह उनके जीवन की नई दिशा और पहचान बन गई थी।

  • वे अब खुद को पुराने पापमय जीवन का हिस्सा नहीं मानते थे।
  • वे मानते थे कि जैसा मसीह कब्र से निकला, वैसे ही उन्हें भी एक आध्यात्मिक रूप से पुनर्जीवित जीवन मिला है।
  • उन्होंने बपतिस्मा को भी इसी पहचान के प्रतीक के रूप में देखा — पुराने जीवन में मरना और मसीह में नए जीवन के लिए जी उठना।

मुख्य पद: रोमियों 6:4

इसलिये हम बपतिस्मा के जल में उसके साथ गाड़े गए, ताकि जैसे मसीह पिता की महिमा के द्वारा मरे हुओं में से जिलाया गया, वैसे ही हम भी नए जीवन की चाल चलें।”


व्याख्या:  इस पद में तीन बड़ी सच्चाइयाँ छिपी हैं:

1. पुराने जीवन का अंत:

“...हम गाड़े गए...”

  • मसीह के साथ हमारा पुराना पापमय जीवन भी क्रूस पर मरा और दफन हुआ।
  • अब हम केवल "बचे हुए पापी" नहीं हैं — हम नए स्वभाव वाले लोग हैं।

2. नई पहचान और नई चाल:

“...जैसे मसीह जिलाया गया...”

  • मसीह का पुनरुत्थान यह दर्शाता है कि अब हम भी उठ चुके हैं – आत्मिक रूप से।
  • इसका मतलब: अब हमारी जीवनशैली, सोच, मूल्य, और प्राथमिकताएँ बदल गई हैं।

3. पवित्र आत्मा में चलना:

  • नए जीवन का अर्थ है आत्मा के अनुसार चलना — न कि शरीर की लालसाओं के अनुसार (गलातियों 5:16)

उदाहरण:

मोबाइल रीसेट का उदाहरण:

जब हमारा मोबाइल बहुत स्लो, हैंग या वायरस से भर जाता है, तो हम Factory Reset करते हैं।
Reset करने के बाद:

  • पुराना डेटा मिट जाता है।
  • नया सिस्टम शुरू होता है।

वैसे ही जब हम मसीह में आते हैं:

  • पुराना जीवन मिट जाता है।
  • पुनरुत्थान के कारण हमें नया आत्मिक सिस्टम (जीवन) मिलता है — पवित्रता, शांति, प्रेम, और आज्ञाकारिता।

 बीज और पौधे का उदाहरण:

बीज जब मिट्टी में बोया जाता है, तो वह "मरता" है — लेकिन फिर उसमें से नया जीवन, नया पौधा निकलता है।

क्रूस = मृत्यु का प्रतीक
पुनरुत्थान = नया जीवन, नई शुरुआत का प्रतीक।


 इस नए जीवन के लक्षण

  1. पाप पर जय: अब पाप हमारे ऊपर राज नहीं करता (रोमियों 6:14)
  2. प्रेम से भरी सोच: अब हम अपने पड़ोसियों से शुद्ध प्रेम रखते हैं
  3. पवित्र चाल: अब हम अपने शरीर को पवित्रता में समर्पित करते हैं
  4. आत्मा की अगुवाई: अब हम निर्णय परमेश्वर की आत्मा की अगुवाई में लेते हैं
  5. आशा और उद्देश्य: अब जीवन निरर्थक नहीं, बल्कि ईश्वर के उद्देश्य से भरा है

 सोचिए:

  • क्या आपकी ज़िंदगी में कोई क्षेत्र ऐसा है जहाँ आप अब भी "पुराने जीवन" में जी रहे हैं?
  • क्या आप यह मानते हैं कि आपने मसीह में एक नई शुरुआत पाई है?
  • क्या आप रोज़ “आत्मा के अनुसार” जीने की कोशिश करते हैं?

आवेदन (Application):

अब जब पुनरुत्थान ने हमें नई ज़िंदगी दी है, तो:

  • पुराने पापों की ओर लौटने से इंकार करें।
  • अपने विचार, व्यवहार और शब्दों को परमेश्वर के अनुसार ढालें।
  • हर दिन सुबह यह घोषणा करें: मैं मसीह में नयी सृष्टी हूँ” (2 कुरिन्थियों 5:17)

लागुकरण:

  • पुनरुत्थान सिर्फ एक घटना नहीं, एक नई जीवन-शैली है।”
  • पुराना मिट गया, अब मैं मसीह में नया हूँ।”
  • पुनरुत्थान का अर्थ है – पाप से छुटकारा, आत्मा में चलना।”

निष्कर्ष:

यीशु मसीह का पुनरुत्थान केवल यह सिद्ध नहीं करता कि वह जीवित है,
बल्कि यह हमें एक नया जीवन प्रदान करता है — जो शुद्ध है, शक्तिशाली है, और आत्मा से परिपूर्ण है।

अब हम पाप के नीचे नहीं, लेकिन मसीह के साथ ऊपर उठ चुके हैं — ताकि हम उसकी महिमा में एक नई ज़िंदगी जी सके।


 

बिंदु 3: पुनरुत्थान हमें भविष्य की आशा देता है


प्रारंभिक मसीही विश्वासी जब सताव से गुजर रहे थे, तो उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा —

  • घर से निकाले गए,
  • जेल में डाले गए,
  • शारीरिक कष्ट दिए गए,
  • और कई बार उन्हें जान भी गंवानी पड़ी।

इन सबके बीच उन्हें एक चीज़ ने स्थिर रखा:

पुनरुत्थान की आशा।

यही कारण है कि प्रेरित पतरस ने जब पत्र लिखा, तो उसने सबसे पहले यही बात कही:


📖 1 पतरस 1:3

धन्य है हमारे प्रभु यीशु मसीह का परमेश्वर और पिता, जिसने अपनी बड़ी दया के अनुसार, यीशु मसीह के मरे हुओं में से जी उठने के द्वारा, हमें एक जीवित आशा के लिए नया जन्म दिया।”

इसका अर्थ है:

  • यह आशा मृत नहीं है, लेकिन जीवित है – क्योंकि मसीह मरा हुआ नही, वह जीवित है।
  • यह आशा एक दिन के लिए नहीं, अनंत जीवन के लिए है।

लेकिन यह आशा कैसी है?

1. स्वर्ग की आशा:

पुनरुत्थान हमें बताता है कि मृत्यु अंतिम नहीं है।
मसीह जी उठा — इसलिए जो भी उस पर विश्वास करते हैं, वे भी एक दिन अनंत जीवन में उठाए जाएंगे।

 यूहन्ना 14:19

क्योंकि मैं जीवित हूँ, तुम भी जीवित रहोगे।”

2. नए शरीर की आशा:

हमारा यह शरीर अस्थायी है, बीमार होता है, टूटता है, मरता है।
पर मसीह का पुनरुत्थान यह दिखाता है कि एक दिन हमें भी महिमामयी, नया शरीर मिलेगा।

1 कुरिन्थियों 15:52-53

“...मरे हुओं में से जी उठना अविनाशी शरीर में होगा।”

3. न्याय और पुनर्स्थापन की आशा:

इस दुनिया में अन्याय, पीड़ा, दुःख बहुत है।
पर मसीह के पुनरुत्थान से यह आश्वासन मिलता है कि एक दिन वह लौटेगा —और हर अन्याय का न्याय करेगा, हर आंसू पोछेगा, और सब कुछ नया करेगा।

प्रकाशितवाक्य 21:4

और वह उनकी आंखों से सब आंसू पोंछ डालेगा... न मृत्यु होगी, न विलाप, न पीड़ा।”


उदाहरण: ट्रेन का टिकट

कल्पना कीजिए आपने ट्रेन का टिकट बुक किया है। आप स्टेशन पर खड़े हैं — ट्रेन अभी आई नहीं, लेकिन आपको पूरा विश्वास है कि वह आएगी, क्योंकि टिकट आपके हाथ में है। बस, वैसी ही आशा हमें मसीह के पुनरुत्थान से मिली है। वह टिकट है, जो हमें यह विश्वास देती है कि:

  • स्वर्गीय यात्रा निश्चित है,
  • हम भी जी उठेंगे,
  • हम भी अपने प्रभु के साथ होंगे।

 सोचने की बात:

  • क्या आज की परिस्थितियाँ आपकी आशा को मार रही हैं?
  • क्या आप अकेलेपन, दुःख, या मृत्यु के डर से जूझ रहे हैं?

याद रखें:

मसीह जीवित है — और इसलिए आपकी आशा भी जीवित है।


 व्यवहारिक जीवन में लागू करें:

  • जब आप शोक में हों — यह याद करें कि मसीह शोक का अंत है।
  • जब जीवन में निराशा हो — यह याद करें कि पुनरुत्थान आशा का द्वार खोलता है।
  • जब आप मृत्यु के डर से जूझें — यह जानें कि यीशु ने मृत्यु पर विजय पाई है।

याद रखना

  • मसीह जीवित है – इसलिए मेरी आशा मरी नहीं।”
  • पुनरुत्थान मेरा टिकट है – स्वर्ग की ओर यात्रा सुनिश्चित है।”
  • यह दुनिया अंतिम नहीं, पुनरुत्थान अंतिम उत्तर है।”

निष्कर्ष:

यीशु मसीह का पुनरुत्थान केवल अतीत की घटना नहीं, यह एक जीवित आशा है —जो हमें बताती है कि हमारी कहानी का अंत मृत्यु नहीं, लेकिन अनंत जीवन है। इसलिए, चाहे परिस्थिति जैसी भी हो —उठो, आगे बढ़ो, और जीयो — क्योंकि मसीह जीवित है और हमारी आशा कभी टूटेगी नही


 

बिंदु 4: पुनरुत्थान से हमें आत्मिक सामर्थ्य मिलती है?


पृष्ठभूमि (Biblical Background):

प्रेरित पौलुस जब फिलिप्पियों 3:10 में कहते हैं — कि मैं उसे और उसके पुनरुत्थान की सामर्थ्य को जानूं” —
तो वह केवल एक ऐतिहासिक घटना की जानकारी की बात नहीं कर रहे थे।

 

लेकिन वो कहते हैं: मुझे वो शक्ति चाहिए जो यीशु को मृतकों में से जिलाने वाली शक्ति है — ताकि मैं भी अपने जीवन के संघर्षों, पापों, कमजोरियों और दुःखों में विजयी जीवन जी सकूं।”


📖 फिलिप्पियों 3:10 – “कि मैं उसे और उसके पुनरुत्थान की सामर्थ्य को जानूं…”

इसका गहरा अर्थ यह है:

  • यीशु को जानना = संबंध में जीना
  • पुनरुत्थान की सामर्थ्य को जानना = उसकी आत्मिक शक्ति का अनुभव करना

पुनरुत्थान की वही शक्ति हमारे अंदर है!

बाइबल कहती है: और यदि उसी का आत्मा जो यीशु को मरे हुओं में से जिलाता है तुम में बसा हुआ है, तो वही तुम्हारे मरनशील शरीरों को भी जीवित करेगा।” रोमियों 8:11

 

इसका अर्थ है:

  • जो शक्ति यीशु को मृत्यु पर जय दिलाने के लिए काम कर रही थी,
  • वही पवित्र आत्मा अब हमारे अंदर कार्यरत है।

उदाहरण: मोबाइल की बैटरी

मान लीजिए आपका मोबाइल पूरी तरह डिस्चार्ज हो चुका है:

  • स्क्रीन ब्लैक
  • कोई रिस्पॉन्स नहीं
  • सिर्फ डेड बॉडी की तरह है

पर जब उसे चार्जर से जोड़ते हैं –
वो फिर से जीवंत, एक्टिव और कार्यक्षम बन जाता है।

ठीक वैसे ही:

  • हमारी आत्मिक स्थिति भी थकी, गिरी हुई या कमजोर हो सकती है
  • लेकिन जब हम पवित्र आत्मा के संपर्क में आते हैं, तब हम चार्ज होते हैं – आत्मिक रूप से सामर्थी और जागरूक हो जाते हैं

क्यों हमें यह आत्मिक सामर्थ्य चाहिए?

  1. पाप पर जय पाने के लिए
    (रोमियों 6:14 – "पाप अब तुम पर प्रभुता न करेगा...")
  2. आत्मिक लड़ाइयों में विजयी होने के लिए
    (इफिसियों 6:10 – “प्रभु में और उसकी शक्ति में बलवंत बनो”)
  3. गवाह बनने के लिए
    (प्रेरितों 1:8 – “जब पवित्र आत्मा तुम पर आएगा तब तुम सामर्थ पाओगे...”)
  4. धैर्य और स्थिरता के लिए
    (कुलुस्सियों 1:11 – “हर काम में सामर्थ्य पाकर स्थिर और धीर बने रहो…”)

व्यावहारिक लागूकरण (Practical Application):

  • जब आप निराश हों, प्रार्थना में कमज़ोर हों, या पाप से संघर्ष में हों — तब याद रखें: पुनरुत्थान की वही शक्ति आपके अंदर उपलब्ध है।

आप अकेले नहीं हैं – पवित्र आत्मा आपको सामर्थ दे रहा है।

  • जब आप क्षमा करने में असमर्थ हों – पवित्र आत्मा की शक्ति लें
  • जब आप प्रलोभन से हारते हों – मसीह की शक्ति को सक्रिय करें
  • जब सेवा करना कठिन लगे – पुनरुत्थान की सामर्थ्य को माँगें

सोचिए:

  • क्या आप अपने बल पर जी रहे हैं या आत्मा की शक्ति पर?
  • क्या आप हर दिन उस पुनरुत्थान की शक्ति को माँगते हैं?
  • क्या आप चाहते हैं कि मसीह की शक्ति आपके जीवन की हर कमजोरी को जय में बदले?

सोचो

  • "जिस शक्ति ने मसीह को कब्र से उठाया, वही शक्ति मुझे उठाने के लिए पर्याप्त है!"
  • "मसीह का पुनरुत्थान मेरी आत्मा की चार्जिंग है!"
  • "हम हारने के लिए नहीं, मसीह की शक्ति में विजयी होने के लिए बुलाए गए हैं।"

निष्कर्ष:

पुनरुत्थान केवल भविष्य की आशा नहीं, बल्कि आज के लिए शक्ति है।
हम केवल जीवित नहीं – सामर्थी जीवन जीने के लिए बुलाए गए हैं।
मसीह जी उठा है – और उसकी शक्ति अब हम में काम करती है।

अब पाप, डर या कमजोरी का कोई हक नहीं – क्योंकि पुनरुत्थान की सामर्थ्य अब हमारे साथ है!



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें